पहाड़गंज केस: 14 साल की नाबालिग ने पिता पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पहाड़गंज केस: 14 साल की नाबालिग ने पिता पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
February 3, 2026 at 1:12 pm

दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने पिता पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पीड़िता अपने दोस्त के माता-पिता और मकान मालिक की मदद से पहाड़गंज पुलिस स्टेशन पहुंची, जहां उसने पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां करीब 15 दिन पहले बिहार स्थित अपने गांव गई हुई थी। इसी दौरान 31 जनवरी की रात लगभग 1:30 बजे, जब नाबालिग अपनी छोटी बहन और पिता के साथ एक ही कमरे में सो रही थी, तभी आरोपी पिता ने उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की। लड़की ने विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उसकी बात नहीं सुनी और उसे चुप रहने की धमकी दी।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पिछले 10 से 15 दिनों के भीतर उसके साथ इस तरह की घटनाएं चार से पांच बार हो चुकी थीं। डर के कारण वह चुप रही, क्योंकि आरोपी अक्सर उसके और उसकी मां के साथ मारपीट करता था और किसी को बताने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी देता था।

आखिरकार साहस जुटाकर नाबालिग ने दोस्त के परिवार से मदद मांगी और मकान मालिक के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की।

पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया गया, जहां उसने आरोपों की पुष्टि की। इसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया और फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।

पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह बेटी को चुप रहने के लिए धमकाता था। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि आरोपी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।