दिल्ली में फिर खुला मौत का नाला: रोहिणी सेक्टर-32 में युवक लापता, घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दिल्ली में फिर खुला मौत का नाला: रोहिणी सेक्टर-32 में युवक लापता, घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
February 11, 2026 at 2:26 pm

दिल्ली की बदहाल बुनियादी व्यवस्थाओं ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया है। नोएडा और जनकपुरी की घटनाओं के बाद अब रोहिणी से एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। रोहिणी सेक्टर-32 में महाशक्ति काली मंदिर के पास खुले नाले में गिरने से एक युवक लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस और रेस्क्यू टीमें कई घंटों से युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।

यह हादसा बेगमपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अंधेरे में चलते हुए अचानक खुले नाले में गिर गया और कुछ ही पलों में तेज बहाव में ओझल हो गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर सर्विस और अन्य रेस्क्यू एजेंसियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन नाले में बह रहा गंदा पानी और भारी मात्रा में कचरा सर्च ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में लंबे समय से नाला खुला हुआ है और न तो बैरिकेडिंग की गई है, न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। पहले जनकपुरी में खुले गड्ढे और फिर नोएडा में पानी से भरे तालाब में हुई मौतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब रोहिणी की यह घटना एक बार फिर दिल्ली में खुले नालों और गड्ढों को लेकर प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है।

फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और प्रशासन की ओर से जांच के आदेश दिए गए हैं। सवाल वही है—आखिर कब तक राजधानी के ये खुले नाले और गड्ढे लोगों की जान लेते रहेंगे?