नेपाल में चुनाव से पहले बवाल: रौतहट में शादी जुलूस के दौरान झड़प, गौर नगरपालिका में कर्फ्यू लागू

नेपाल में चुनाव से पहले बवाल: रौतहट में शादी जुलूस के दौरान झड़प, गौर नगरपालिका में कर्फ्यू लागू
February 23, 2026 at 1:37 pm

नेपाल में चुनावी माहौल के बीच दक्षिण-पूर्वी जिले रौतहट में तनाव भड़क गया है। शादी के जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद प्रशासन को कर्फ्यू लागू करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, रौतहट जिले की गौर नगरपालिका के वार्ड-6 स्थित सबगढ़ इलाके में शनिवार सुबह करीब 9 बजे शादी जुलूस के दौरान विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बहस पत्थरबाजी और आगजनी में बदल गई। उपद्रवियों ने एक वाहन में आग भी लगा दी। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है।

फिर बिगड़े हालात, लागू हुआ कर्फ्यू

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले शुक्रवार शाम दोनों पक्षों के बीच छह सूत्रीय समझौता हुआ था। हालांकि, शनिवार को तनाव दोबारा भड़कने पर जिला प्रशासन ने दोपहर 1 बजे से कर्फ्यू लागू कर दिया।

जिला मजिस्ट्रेट दिनेश सागर भुसाल ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अगली सूचना तक कर्फ्यू जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और शांति बहाल होते ही कर्फ्यू हटाने पर विचार किया जाएगा।

इन इलाकों में लागू है कर्फ्यू

कर्फ्यू का दायरा गौर कस्टम ऑफिस से लेकर पूर्व में मुदबलवा गेट, पश्चिम में लालकैया तटबंध और उत्तर में बाम नहर क्षेत्र तक फैला हुआ है।

स्थिति को काबू में करने के लिए नेपाल पुलिस, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाली सेना के जवानों की तैनाती की गई है। प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही पर रोक है, हालांकि सुबह 6:30 से 8:30 बजे तक आवश्यक कार्यों के लिए सीमित छूट दी गई है।

कई लोग हिरासत में

झड़प और हिंसा को भड़काने के आरोप में दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।