शाहजहांपुर में होली पर खूनी वारदात: मुखौटा पहनकर आया पति, पत्नी की गला काटकर हत्या, प्रेमी पर डाला तेजाब

शाहजहांपुर में होली पर खूनी वारदात: मुखौटा पहनकर आया पति, पत्नी की गला काटकर हत्या, प्रेमी पर डाला तेजाब
March 5, 2026 at 2:56 pm

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में होली के दिन एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी और उसके साथ रह रहे प्रेमी पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में प्रेमी गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि आरोपी पति भी झड़प के दौरान घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार घटना चौक कोतवाली क्षेत्र की बालाजी नगर कॉलोनी में बुधवार सुबह करीब 6 बजे हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी मनमोहन पांडे उर्फ सोनू मुखौटा पहनकर होली खेलने के बहाने घर पहुंचा था। दरवाजा खुलते ही उसने पहले पत्नी के प्रेमी बृजदीप पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।

शोर सुनकर जब उसकी पत्नी आरती बाहर आई, तो आरोपी ने धारदार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया। इस हमले में आरती की मौके पर ही मौत हो गई।

लवमैरिज के बाद बढ़े थे विवाद

जानकारी के मुताबिक 31 वर्षीय आरती ने करीब 10 साल पहले मनमोहन पांडे से लव मैरिज की थी। दोनों मूल रूप से रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। शादी के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगे थे और आरती ने पति के खिलाफ केस भी दर्ज कराया था।

इसी दौरान आरती की मुलाकात चौक कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले बृजदीप से हुई और दोनों के बीच संबंध बन गए। पिछले कुछ महीनों से दोनों बालाजी नगर में किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

हाथापाई में दोनों घायल

पत्नी पर हमला करने के बाद आरोपी और बृजदीप के बीच जमकर हाथापाई भी हुई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने आरती को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनमोहन और बृजदीप का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने घटनास्थल से धारदार हथियार समेत कई सबूत बरामद किए हैं। बृजदीप की तहरीर पर आरोपी मनमोहन के खिलाफ हत्या, तेजाब हमला और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में यह घटना पुरानी रंजिश और वैवाहिक विवाद से जुड़ी बताई जा रही है।