असम की महिलाओं को बड़ा तोहफा: 40 लाख लाभार्थियों को मिलेंगे 9-9 हजार रुपये, CM हिमंता सरमा का ऐलान

असम की महिलाओं को बड़ा तोहफा: 40 लाख लाभार्थियों को मिलेंगे 9-9 हजार रुपये, CM हिमंता सरमा का ऐलान
March 8, 2026 at 3:39 pm

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर असम सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है।मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वासरमा ने कहा कि राज्य की ‘ओरुणोदोई योजना’ से जुड़ी करीब 40 लाख महिला लाभार्थियों को 9,000 रुपये की राशि दी जाएगी।यह पैसा 10 मार्च को सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने फेसबुक लाइव के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि 10 मार्च को सुबह 10:30 बजे सभी पात्र परिवारों के खातों में यह राशि भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह असम सरकार की किसी भी योजना के तहत एक दिन में किया जाने वाला सबसे बड़ा बैंक ट्रांसफर होगा, जिसमें लगभग 3,600 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।


ओरुणोदोई असम सरकार की प्रमुख गरीबी उन्मूलन योजना है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। अभी तक इस योजना में प्रति माह 1,250 रुपये दिए जाते हैं। सरकार ने पहले जनवरी से अप्रैल तक के चार महीनों की राशि और बोहाग बिहू के अवसर पर अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की थी, जिसे अब बढ़ाकर कुल 9,000 रुपये कर दिया गया है।


मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य के विकास का सबसे अहम हिस्सा है। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं से लाखों महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिली है और वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।


उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में 59 लाख से अधिक घरों को नल जल कनेक्शन, 51 लाख से ज्यादा उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए गए हैं। इसके अलावा 5.5 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है और सैकड़ों महिला स्टार्टअप शुरू हुए हैं।


मुख्यमंत्री ने लोगों से सरकार का समर्थन करने की अपील भी की और कहा कि सही निर्णय लेने से हर परिवार की स्थिति बदल सकती है।


ओरुणोदोई योजना की शुरुआत साल 2020 में हुई थी और अब इसे अपग्रेड कर ओरुणोदोई 3.0 कर दिया गया है, जिसमें लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर लगभग 40 लाख कर दी गई है।