ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर चलती ट्रेन में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आशुतोष का आरोप है कि हमलावर ने उनकी नाक काटने की कोशिश की और कहा कि वह इसे अपने गुरु के चरणों में चढ़ाएगा।
ट्रेन में हुआ हमला
आशुतोष ब्रह्मचारी के अनुसार, वह रीवा एक्सप्रेस से गाजियाबाद से प्रयागराज जा रहे थे। वह एसी कोच H-1 में सफर कर रहे थे। घटना फतेहपुर और कौशांबी के सिराथू स्टेशन के बीच की बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि सुबह के समय जब वह बाथरूम की ओर गए तो वहां एक व्यक्ति पहले से खड़ा था। उस समय कोच में कोई रेलवे कर्मचारी या पुलिस मौजूद नहीं थी। जैसे ही वह आगे बढ़े, उस व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
“नाक काटकर गुरु के चरणों में चढ़ाऊंगा”
आशुतोष का आरोप है कि हमलावर ने कहा कि वह उनकी नाक काटकर अपने गुरु, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के चरणों में चढ़ाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ नाक काटने वाले को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की गई है।
हमले के दौरान उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया और ट्रेन के टॉयलेट में बंद होकर अपनी जान बचाई।
प्रयागराज में दर्ज कराया मामला
आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और प्रयागराज पहुंचने पर मामला दर्ज कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इन मामलों की पैरवी के लिए जा रहे थे प्रयागराज
आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि वह दो महत्वपूर्ण मामलों की पैरवी के लिए प्रयागराज जा रहे थे। पहला मामला श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़ा है, जिसकी सुनवाई 12 मार्च को इलाहाबाद हाईकोर्ट में होनी है।
दूसरा मामला शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए गए यौन शोषण के आरोप से संबंधित है, जिसमें उन्हें हाईकोर्ट में जवाब दाखिल करना था।
दोनों मामलों में आशुतोष ब्रह्मचारी प्रमुख पैरोकार बताए जा रहे हैं।
चलती ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर हमला, बोले – “नाक काटकर गुरु के चरणों में चढ़ाने की बात कह रहा था हमलावर”