फिनलैंड दुनियां का सबसे खुशहाल देश, अफगानिस्तान सबसे दुखी, भारत की रैंकिंग में तो सुधार लेकिन पाकिस्तान से अब भी नीचे, अमेरिका भी नीचे खिसका।

फिनलैंड दुनियां का सबसे खुशहाल देश, अफगानिस्तान सबसे दुखी, भारत की रैंकिंग में तो सुधार लेकिन पाकिस्तान से अब भी नीचे, अमेरिका भी नीचे खिसका।
March 20, 2025 at 5:56 pm

World Happiness Report 2025: ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की ओर से प्रकाशित वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट 2025 के अनुसार, फिनलैंड लगातार 8वीं बार दुनियां का सबसे खुशहाल देश बना है। जारी 147 देशों की इस रैंकिंग में भारत को 118वां स्थान मिला है। पिछले साल इस रैंकिंग में भारत 126वें नंबर पर था। इस तरह भारत की रैंकिंग में 8 स्थानों का सुधार हुआ है। हालांकि, हैरान करने वाली बात यह है कि पाकिस्तान इस सूची में भारत से इस बार भी ऊपर है यानी पाकिस्तान भारत से खुशहाल देश है। पाकिस्तान को हैप्पीनेस इंडेक्स में 109वीं रैंकिंग मिली है।

वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट 2025 (World Happiness Report 2025) के अनुसार, खुशहाली सिर्फ आर्थिक विकास से तय नहीं होती, बल्कि इसमें लोगों का आपसी भरोसा और सामाजिक जुड़ाव भी बड़ी भूमिका निभाते हैं। फिनलैंड के अलावा, डेनमार्क, आइसलैंड और स्वीडन शीर्ष 4 में बने हुए हैं और सूची में ये इसी क्रम में हैं। यह रैंकिंग सभी देश के लोगों से पूछे गए सवालों पर आधारित है। लोगों से उनके जीवन के बारे में रेट करने के लिए कहा गया। उसके बाद एनालिटिक्स फर्म गैलप और यूएन सस्टेनेबल डेवलपमेंट सॉल्यूशन नेटवर्क ने अध्ययन करके इस सूची को जारी किया।

गैलप के सीईओ जॉन क्लिफ्टन (Jon Clifton) ने कहा, “खुशी सिर्फ धन या विकास से जुड़ा नहीं है- यह विश्वास, संबंध और यह जानने के बारे में है कि लोग आपका साथ दे रहे हैं या नहीं।” उन्होंने कहा, “अगर हम मजबूत समुदाय और अर्थव्यवस्था चाहते हैं, तो हमें उस चीज में निवेश करना चाहिए जो वास्तव में मायने रखती है यानी एक-दूसरे में।”

अमेरिका की अब तक की सबसे खराब रैंकिंग

अमेरिका खुश लोगों की रैंकिंग में अब तक के सबसे निचले पायदान पर पहुंच गया है। शीर्ष 20 देशों में यूरोपीय देश काबिज हैं, लेकिन कुछ अपवाद भी हैं। हमास के साथ युद्ध के बावजूद, इस्राइल 8वें स्थान पर है। कोस्टा रिका और मेक्सिको पहली बार खुश देशों के शीर्ष 10 में शामिल हुए, ये क्रमशः छठे और 10वें स्थान पर हैं। 2025 में अमेरिका को 24वां स्थान मिला है। जबकि इससे पहले 2012 में वह 11वें स्थान पर था।

हैप्पीनेस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पिछले दो दशकों में अमेरिका में अकेले भोजन करने वाले लोगों की संख्या में 53% की वृद्धि हुई है। सूची में यूनाइटेड किंगडम 23वें स्थान पर है। इस रैंकिंग में अफगानिस्तान को दुनिया का सबसे दुखी देश बताया गया है। अफगान महिलाओं का कहना है कि उनका जीवन विशेष रूप से कठिन है। पश्चिमी अफ्रीका में सिएरा लियोन दूसरा सबसे दुखी देश है, उसके बाद लेबनान है, जो नीचे से तीसरे स्थान पर है।