Fighter Jets Night Landing Drills On Ganga Expressway: पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से तनाव के बीच भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर अपना पराक्रम दिखाया। राफेल, सुखोई-30, जगुआर, मिग-29, मिराज-200 और सुपर हरक्यूलिस विमानों ने जैसे ही गंगा एक्सप्रेसवे पर जलालाबाद के पीरू गांव के पास बनी हवाई पट्टी को चूमा, भारतीय वायुसेना के इतिहास में गौरव का एक और अध्याय जुड़ गया। अब भारत भी एक्सप्रेसवे पर लड़ाकू विमानों की नाइट लैंडिंग कराने वाले चुनिंदा देशों की महफिल में शामिल हो गया है।
खराब मौसम के कारण पूर्वाह्न 11:30 बजे प्रस्तावित एयर शो करीब एक घंटे देरी से शुरू हुआ। लड़ाकू विमानों की गर्जना ने वहां मौजूद लोगों को तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट और विमानों की गर्जना से वहां उपस्थित लोगों के दिलों में रोमांच पैदा कर दिया। बरेली के त्रिशूल एयरबेस से उड़ान भरने के बाद वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टर गंगा एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी को चूम कर उड़ जाते थे। ऐसा उन्होंने कई बार किया। एमआई-17 वी-5 हेलिकॉप्टर से जवानों ने रस्सी के सहारे नीचे उतरने का अभ्यास भी किया।
प्रस्तावित 11:30 बजे से 1 घंटा बाद दोपहर 12:40 बजे शुरू हुआ एयर शो करीब 2:30 बजे तक चलता रहा। सबसे पहले सैन्य परिवहन विमान एएन-32 की लैंडिंग हुई। इसके बाद सी-130 जे हरक्यूलिस विमान नीचे उतरा। फिर जगुआर, सुखोई-30 एमकेआई, मिग-29, राफेल के 2-2 विमान गर्जना करते हुए गुजरे। इस दौरान हजारों स्थानीय लोग दूर से ही वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन देखते रहे। फिर रात्रि 8 बजे से विमानों की नाइट लैंडिंग शुरू हुई। रात 10 बजे तक विभिन्न लड़ाकू विमान एक्सप्रेसवे पर उतरते और उड़ते रहे। इस दौरान शाम 7 से रात 10 बजे तक कटरा-जलालाबाद हाईवे को वाहनों के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया।
यह पहली बार हुआ है जब देश में किसी भी एक्सप्रेसवे पर बनी हवाई पट्टी पर रात में लड़ाकू विमान उतरे हों। दरअसल, इसके पीछे का उद्देश्य यह है कि युद्ध की स्थिति में अगर दुश्मन देश बमबारी कर एयरबेस की हवाई पट्टी को नष्ट कर दे तो विकल्प के रूप में एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी का इस्तेमाल किया जा सके। हाईवे को सफर के साथ ही देश की सुरक्षा में किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सैन्य कार्रवाई के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
2 सुखोई-30 विमानों ने 6 बार हवाई पट्टी को चूमा। साथ ही काफी कम ऊंचाई पर करतब दिखाकर लोगों के दिल को रोमांच और उत्साह से भर दिया। दो राफेल विमानों ने भी हवाई पट्टी को चूमा। परिवहन विमान सुपर हरक्यूलिस ने भी 2 बार एक्सप्रेसवे को छुआ। मिग-29 व जगुआर ने भी हवाई पट्टी को 2-2 बार स्पर्श किया।