MI vs DC – IPL 2025 (63 of 74): आज 21 मई को आईपीएल 2025 का 63वां मैच मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए। जवाब में दिल्ली 18.2 ओवर में केवल 121 रन ही बना पाई और ऑलआउट हो गई। सूर्य कुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब हुई। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विल जैक्स और रेयान रिकेल्टन ने मोर्चा संभाला ही था, लेकिन जैक्स 13 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए। रिकेल्टन ने 25 रन का योगदान दिया। तिलक वर्मा ने 27 और हार्दिक पांड्या ने 3 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 43 गेंदों में 7 चौके और 6 छक्के की मदद से 73* रनों की नाबाद पारी खेली।
इसके अलावा नमन धीर ने 8 गेंदों में 2 चौके और 2 ही छक्के की मदद से 24 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहे। नमनधीर ने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर आखिरी 12 गेंदों में 48 रन झटके। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने 2 विकेट झटके। जबकि दुष्मंथा चमीरा, मुस्तफिजुर रहमान और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट लिया।
दिल्ली को पहला झटका 12 रन के स्कोर पर लगा। दीपक चाहर ने फाफ डुप्लेसिस को अपना शिकार बनाया। केएल राहुल को 11 रन के स्कोर पर ट्रेंट बोल्ट ने अपना शिकार बनाया। विल जैक्स ने अभिषेक पोरेल को अपना शिकार बनाया। उन्होंने सिर्फ 6 रन बनाए। मिचेल सैंटनर ने विप्रज निगम को 20 रन पर आउट कर पवेलियन लौटाया। ट्रिस्टन स्टब्स को जसप्रीत बुमराह ने सिर्फ 2 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर चलता किया।
मिचेल सैंटनर ने समीर रिजवी को बोल्ड आउट किया। उन्होंने 35 गेंदों में 39 रन बनाए। सैंटनर ने समीर रिजवी के बाद आशुतोष शर्मा को भी आउट किया। उन्होंने 18 रन का योगदान दिया। इसी बीच जसप्रीत बुमराह ने माधव तिवारी 2 रन पर पवेलियन लौटाया। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर ने 3-3 विकेट चटकाए। जबकि ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, विल जैक्स और कर्ण शर्मा को 1-1 विकेट मिला।