Russia-Ukraine War Latest Update: पिछले 3 सालों से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध ने अब 2025 में और आक्रामक रवैया इख्तियार कर लिया है। यूक्रेन के ड्रोन हमलों के बाद रूस ने पलटवार करते हुए यूक्रेन पर 400 से अधिक ड्रोन और 40 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला बोला है। रूस के इस हमले से यूक्रेन दहल गया है। यूक्रेन के जिन क्षेत्रों पर ये हमला हुआ है उनमें कीव, सुमी, पोल्टावा, वोलिन, लविवि, टेरनोपिल, खमेलनित्सकी, चर्कासी और चेर्निहिव शामिल हैं।
रूस के इस हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने X पर एक आक्रोशपूर्ण भावनात्मक बयान जारी किया है। जेलेंस्की ने कहा यूक्रेनी वायुसेना ने कई मिसाइलों और ड्रोन को गिराने में सफलता पाई, लेकिन फिर भी 3 आपातकालीन सेवा कर्मचारियों की मौत और 49 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। मलबे की सफाई और बचाव अभियान जारी है।
राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने आगे कहा कि रूस अपनी नीति में बदलाव नहीं ला रहा है। वह अब आम लोगों को निशाना बना रहा है। यह युद्ध अब केवल यूक्रेन का नहीं, मानवता का युद्ध है। उन्होंने कहा कि रूस को अंतरराष्ट्रीय जवाबदेही के तहत लाना चाहिए। अमेरिका, यूरोप और पूरी दुनियां को अब निर्णायक दबाव बनाना होगा। अगर वैश्विक नेता चुप हैं तो यह भी एक तरह की मिलीभगत है। अब निर्णायक कार्यवाही का समय है केवल समर्थन से युद्ध नहीं रुकेगा।
यूक्रेन ने शुरू से यह कहता आया है कि वह अकेले लड़ते-लड़ते थक चुका है। उसने अमेरिका, यूरोपीय संघ, नाटो और अन्य सहयोगी देशों से अपेक्षा की है कि वे रूस पर कठोरतम आर्थिक प्रतिबंध लगाएं। सैन्य संसाधनों की आपूर्ति को तेज करें। राजनयिक स्तर पर दबाव बनाते हुए रूस को बातचीत के लिए मनाएं।
हालांकि, यूक्रेन को रूस के विरुद्ध युद्ध में कई देशों ने मदद पहुंचाई है। इस दौरान अमेरिका की ओर से लगातार मौकों पर सुरक्षा सहायता पैकेज दिया गया। जिसका विरोध अमेरिकी नागरिकों ने कई बार किया भी है। अमेरिका के अलावा यूरोप ने यूक्रेन को एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम मुहैया कराया। इस सब सहयोग के बावजूद जेलेंस्की को लगता है कि यूक्रेन को मिलने वाला सहयोग पर्याप्त नहीं है। बता दें, 2022 से लेकर अब तक रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे इस युद्ध में दोनों देशों के हजारों नागरिक मारे गए हैं और लाखों ने यूक्रेन से पलायन किया है। जिस कारण यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे की कमर टूट गई है।