उत्तर प्रदेश में पहाड़ों जैसी ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद अब उत्तर-पछुआ हवाओं के असर से प्रदेश में गलन बढ़ गई है और तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। फिलहाल ठंड से राहत के कोई आसार नहीं हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों तक प्रदेश में कोहरा और शीतलहर का डबल अटैक जारी रहेगा। इसी को देखते हुए लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र ने 27 दिसंबर को यूपी के 25 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 30 से अधिक जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
गोरखपुर से बरेली तक भीषण ठंड का रेड अलर्ट
शनिवार को बरेली, रामपुर, बिजनौर, सहारनपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, बस्ती और संतकबीरनगर में घने से बेहद घने कोहरे की संभावना है। इन इलाकों में दिन के समय भी ठंड का असर रात जैसा बना रह सकता है।
इन जिलों में भी छाया रहेगा कोहरा
इसके अलावा बागपत, मेरठ, संभल, कानपुर, आगरा, उन्नाव, हरदोई, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, औरैया, इटावा, बुलंदशहर, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ और मऊ में भी ठंड का प्रकोप देखने को मिलेगा। यहां दृश्यता घटकर 500 से 800 मीटर तक रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
लखनऊ में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट
राजधानी लखनऊ में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 28 दिसंबर को भी मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। नोएडा और आसपास के इलाकों में भी सुबह घना कोहरा छाने के आसार हैं।
मनाली जैसा महसूस हो रहा यूपी का मौसम
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, यूपी में इस समय कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। उन्होंने बताया कि जिन तापमान स्थितियों का सामना हिमाचल प्रदेश के मनाली में होता है, लगभग वैसा ही अधिकतम तापमान वाराणसी, प्रयागराज जैसे शहरों में दर्ज किया जा रहा है। इससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अनुमान है कि अगले 1–2 दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।