दरभंगा में नाबालिग हिंदू लड़की अपहरण मामला: फरार आरोपी के घर पुलिस की कुर्की-जब्ती, बुलडोजर के साथ बड़ी कार्रवाई

दरभंगा में नाबालिग हिंदू लड़की अपहरण मामला: फरार आरोपी के घर पुलिस की कुर्की-जब्ती, बुलडोजर के साथ बड़ी कार्रवाई
February 26, 2026 at 2:45 pm

बिहार के दरभंगा जिले के कमतौल थाना क्षेत्र में नाबालिग हिंदू लड़की के कथित अपहरण मामले में पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। फरार मुख्य आरोपी मोहम्मद सितारे नदाफ के घर बुधवार को कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस टीम बुलडोजर और ट्रैक्टर के साथ मौके पर पहुंची और घर से फर्नीचर, अलमारी, कुर्सी, टेबल, पलंग, दरवाजे-खिड़की समेत अन्य सामान जब्त कर थाना ले गई।

इस मामले में मोहम्मद सितारे नदाफ सहित कुल पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। अन्य आरोपियों में मो. चमन, मो. अनवर, मो. जमाहिर नदाफ और जमीला खातून शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पहले सभी आरोपियों के घरों पर इश्तिहार चस्पा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया था। डुगडुगी बजाकर नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन समयसीमा समाप्त होने के बावजूद किसी ने सरेंडर नहीं किया।

परिजनों ने लगाया ‘लवजिहाद’ का आरोप

पीड़िता के परिजनों ने इस घटना को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मुख्य आरोपी पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। आरोप है कि उसने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और पहले भी धर्म परिवर्तन कर शादी करने की धमकी देता रहा था।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

आरोपी ने बनाई थी रील, पुलिस को दी थी चुनौती

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने हाल ही में घर पर आकर एक वीडियो रील बनाई थी और कथित तौर पर पुलिस को चुनौती दी थी कि उसे पकड़कर दिखाएं। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी।

कमतौल के एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

इलाके में बढ़ी हलचल

कुर्की-जब्ती की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस की नजर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है और जांच जारी है।