सऊदी अरब पर ईरान के मिसाइल हमले के बाद भारतीय नागरिक की मौत की खबर गलत साबित हुई है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया है कि इस हमले में किसी भी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है, हालांकि एक भारतीय घायल हुआ है और उसका इलाज अल-खरज के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
रविवार को ईरान ने सऊदी अरब के कुछ इलाकों को निशाना बनाते हुए मिसाइल हमला किया था। अल-खरज शहर के रिहायशी इलाके में एक प्रोजेक्टाइल गिरने से अफरा-तफरी मच गई थी। शुरुआती रिपोर्ट में दावा किया गया था कि इस घटना में एक भारतीय और एक बांग्लादेशी नागरिक की मौत हुई है, लेकिन बाद में भारतीय दूतावास ने इस खबर का खंडन कर दिया।
दूतावास ने दी आधिकारिक जानकारी
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट जारी करते हुए कहा कि
अल-खरज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है।
दूतावास ने बताया कि काउंसलर वाई. साबिर घटना के बाद अल-खरज पहुंचे और घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की। घायल व्यक्ति का इलाज स्थानीय सरकारी अस्पताल में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सऊदी अधिकारियों के संपर्क में भारत
भारतीय दूतावास ने कहा कि वह लगातार सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर नजर रखी जा रही है।
सऊदी सिविल डिफेंस के प्रवक्ता ने कहा कि
नागरिक इलाकों और इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन है और मामले की जांच की जा रही है।
भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी
हमले के बाद भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
दूतावास ने कहा कि सभी भारतीय नागरिक सतर्क रहें, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में दूतावास से संपर्क करें।
सऊदी अरब पर मिसाइल हमले के बाद बड़ा अपडेट: दूतावास ने कहा- किसी भारतीय नागरिक की नहीं हुई मौत, एक घायल का इलाज जारी