रायसेन रेप केस: आरोपी सलमान का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग की कोशिश में पैर में लगी गोली

रायसेन रेप केस: आरोपी सलमान का शॉर्ट एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग की कोशिश में पैर में लगी गोली
November 28, 2025 at 3:28 pm

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान का शुक्रवार तड़के शॉर्ट एनकाउंटर हुआ। भोपाल पुलिस और गोहरगंज पुलिस की संयुक्त टीम उसे मेडिकल जांच के लिए भोपाल के जेपी अस्पताल लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी की मौजूदगी की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

रायसेन के नवनियुक्त एसपी आशुतोष गुप्ता ने बातचीत में इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को देर रात भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। आज सुबह उसे रायसेन ले जाते समय भोजपुर मंदिर के पास कीरतनगर जंगल क्षेत्र में पुलिस वाहन अचानक पंचर हो गया।

पुलिसकर्मी टायर की जांच कर रहे थे, तभी हथकड़ी लगे सलमान ने मौका पाकर सब-इंस्पेक्टर की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की। उसने हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर गोली चलाने लगा। बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी।

घटना सुबह करीब 6:30 बजे की है। घायल सलमान को तुरंत एम्बुलेंस से रायसेन जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत स्थिर है और खतरे से बाहर है।

एसपी आशुतोष गुप्ता ने कहा, “आरोपी ने पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश की। जवानों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की है। पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी।”

घटना की जानकारी मिलते ही भोजपुर मंदिर क्षेत्र में स्थानीय लोग जमा हो गए। कई लोग सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई को “तुरंत न्याय” बता रहे हैं, जबकि कुछ संगठन आरोपी को जीवित पकड़े जाने पर सवाल उठा रहे हैं।

फिलहाल सलमान पुलिस कस्टडी में है और उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आरोपी को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। उधर पीड़ित मासूम बच्ची भोपाल के अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।