उत्तर प्रदेश के कप्तान समीर रिजवी ने 97 गेंदों में जड़ा सबसे तेज दोहरा शतक, 20 छक्के और 13 चौकों की मदद से बनाए 201 रन।

उत्तर प्रदेश के कप्तान समीर रिजवी ने 97 गेंदों में जड़ा सबसे तेज दोहरा शतक, 20 छक्के और 13 चौकों की मदद से बनाए 201 रन।
December 21, 2024 at 6:13 pm

Fastest Double Century: घरेलू क्रिकेट में 21 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज समीर रिजवी ने तूफानी बल्लेबाजी कर इतिहास रच दिया है। नई सनसनी बने समीर रिजवी ने अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ कर चमत्कार कर दिया है। यह कारनामा उन्होंने शनिवार को वडोदरा में त्रिपुरा के खिलाफ पुरुष अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी के एक मैच में किया।

21 साल के समीर रिजवी (Sameer Rizvi) ने घरेलू क्रिकेट में सबसे तेज दोहरे शतकों में से एक लगाकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया। त्रिपुरा के खिलाफ पुरुषों की अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी मैच में उत्तर प्रदेश की अगुआई करते हुए रिजवी ने सिर्फ 97 गेंदों पर नाबाद 201 रन बनाए। उनकी धमाकेदार पारी में 13 चौके और 20 गगनचुंबी छक्के शामिल थे, जिससे त्रिपुरा के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। रिजवी 23वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए और अकेले दम पर अपनी टीम को 405 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

रिजवी अभी शानदार फॉर्म में हैं। यह दोहरा शतक ही नहीं उन्होंने इससे पहले लगातार दो शानदार पारियां खेली हैं। एक मैच में 153 और दूसरे में नाबाद 137 रन बनाए हैं। ये विस्फोटक पारियां मैच विजेता के रूप में उनकी क्षमता को दर्शाती हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने आगामी आईपीएल सीजन से पहले उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। अगर रिजवी की वर्तमान फॉर्म बरकरार रही तो वे आगामी आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन सकते हैं।

समीर रिजवी (Sameer Rizvi) को हाल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में 95 लाख में खरीदा था। हालांकि, समीर पिछले सीजन आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का हिस्सा थे। CSK की ओर से खेलते हुए समीर आईपीएल में कुछ खास नहीं कर पाए थे। उन्होंने 5 मैचों में सिर्फ 51 रन बनाए थे। जबकि धोनी की सीएसके ने रिजवी को 8.4 करोड़ में खरीदा था लेकिन वह बल्ले से कमाल नहीं दिखा सके। जिसके बाद CSK ने आईपीएल 2025 रिटेंशन में उन्हें रिटेन नहीं किया।