बांग्लादेश पर संकट के बादल गहराये, ट्रंप ने अमेरिकी वित्तीय सहायता पर लगाई रोक, युनुस सरकार को बड़ा झटका।

बांग्लादेश पर संकट के बादल गहराये, ट्रंप ने अमेरिकी वित्तीय सहायता पर लगाई रोक, युनुस सरकार को बड़ा झटका।

US Suspends All Funding To Bangladesh: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (26 जनवरी) को बांग्लादेश को एक बड़ा झटका दिया। उन्होंने बांग्लादेश को दी जाने वाली सभी तरह की सहायता को बंद करने का निर्णय लिया। वहीं, USAID ने बांग्लादेश में अपनी सभी परियोजनाओं को बंद करने की बात कही है। अमेरिका के इस कदम से बांग्लादेश पर संकट के बादल छा गए हैं। देश में हुए तख्तापलट के बाद से ही बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था लगातार गिरती जा रही है। लोग बेरोजगार घूम रहे हैं। लोगों को दो वक्त की रोटी जुटाना दुष्कर हो गया है।

अमेरिका अब तक बांग्लादेश में कई बिलियन डॉलर निवेश कर चुका है। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2020 तक बांग्लादेश में अमेरिका का कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) लगभग 3 बिलियन डॉलर था। बांग्लादेश के कपड़ा, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी और ऊर्जा के क्षेत्रों में अमेरिकी कंपनियां प्रमुख निवेशक हैं। इन सबमें सबसे ज्यादा निवेश कपड़े उद्योग में किया है। बांग्लादेश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा वस्त्र निर्यातक देश है। इसके अलावा अमेरिका इसके सबसे बड़े बाजारों में से एक है। 2020 में बांग्लादेश के वस्त्र निर्यात का लगभग 20% हिस्सा अमेरिका को किया गया था। ऐसे में अगर अमेरिका में निर्यात कम होता है तो लाखों श्रमिकों की रोजी रोटी छिन सकती है।

बतादें, अमेरिका बांग्लादेश को तकनीकी और अनुसंधान क्षेत्र में भी बहुत मदद करता है। ऊर्जा क्षेत्र में भी बांग्लादेश को अमेरिका की मदद मिलती है। ऐसे में अगर अमेरिका निवेश कम करता है तो यहां पर ऊर्जा संकट हर हाल में बढ़ना तय है। अमेरिका के पीछे हटने से यहां पर अब विदेशी निवेश (FDI) भी कम हो सकता है। निवेश के माहौल को लेकर अब कई आशंकाएं पैदा हो सकती है। इन सबके साथ बांग्लादेश का विदेशी मुद्रा भंडार भी कम होगा क्योंकि अमेरिकी कंपनियों के निवेश से ही बांग्लादेश को डॉलर मिलते हैं। विदेशी मुद्रा भंडार कम होने से भी बांग्लादेश को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।