Shubhanshu Shukla Returns From Space: भारतीय सेना के ग्रुप कैप्टन लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से अपना 18 दिनों का मिशन पूरा कर वापस धरती पर लौट आए हैं। मंगलवार (15 जून) को उनका यान कैलीफोर्निया के तट पर उतरा। कैप्सूल यान के सकुशल समुद्र में उतरते ही शुभांशु की माता आशा देवी और पिता शंभू दयाल शुक्ला भावुक हो गए। लैंडिंग के सजीव प्रसारण का इंतजाम लखनऊ के सीएमएस स्कूल में किया गया। मां ने इस क्षण को अपने जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण बताया।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की मां आशा शुक्ला ने कहा, “मैं इस चीज को शब्दों में बयान नहीं कर सकती हूं। जब यान लैंड हो रहा था तब बस थोड़ा डर लगा था लेकिन सब अच्छे से हो गया है ईश्वर साथ में हैं, उन्होंने उसे वहां पहुंचाया था और उन्होंने ही उसे सुरक्षित लैंड कराया है। उन्होंने कहा कि यह हमारे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है।”
शुभांशु के पिता शंभू दयाल शुक्ला ने भी खुशी प्रकट करते हुए कहा, “हम सभी का आभार प्रकट करते हैं, जिन्होंने हमारे बेटे को आशीर्वाद दिया। मिशन की सफलता के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया। शुभांशु की वापसी पर परिवार ने केक काटा और खुशियां मनाईं।”
शुभांशु शुक्ला के धरती पर लौटने के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर कहा, ”मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उन्होंने अपने समर्पण, साहस और अग्रणी भावना से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है। यह हमारे अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन – गगनयान – की दिशा में एक और मील का पत्थर है।”